![Uttarakhand Mahotsav 2023 Lucknow](https://i0.wp.com/www.ekumaun.com/wp-content/uploads/2023/10/uttarakhand-mahotsav-2023-lucknow.jpg?resize=840%2C388&ssl=1)
Uttarakhand Mahotsav 2023 Lucknow : उत्तराखंड महापरिषद लखनऊ द्वारा आयोजित 10 दिवसीय ‘उत्तराखंड महोत्सव 2023’ का आगाज आज रंगारंग कार्यक्रमों के साथ हो गया है। 31 अक्टूबर से 9 नवंबर 2023 तक चलने वाला यह महोत्सव पंडित गोविन्द बल्लभ पंत, पर्वतीय सांस्कृतिक उपवन गोमती तट, लखनऊ में आयोजित हो रहा है। 10 दिन तक नवाबों का शहर देवभूमि के गीत-संगीत से गुंजायमान होगा। यहाँ ‘डांस उत्तराखंड डांस’, ‘वॉइस ऑफ उत्तराखंड, झोड़ों की प्रस्तुति, स्टार नाईट आदि कार्यक्रम संपन्न होंगे। इस महोत्सव में स्टार और नामचीन कलाकार भाग लेंगे।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया शुभारम्भ
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आयोजित ‘उत्तराखण्ड महोत्सव-2023’ का शुभारम्भ आज उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दीप प्रज्वलित करके किया। उन्होंने महापरिषद द्वारा आयोजित इस विशाल महोत्सव की सराहना करते हुए कहा कि उन्हें आजअनुभव हुआ है उन्होंने देश के सबसे बड़े प्रदेश की राजधानी में पूरा उत्तराखंड ला दिया है। आप लोग जिस तरह से अपनी माटी, अपनी संस्कृति, अपनी परम्पराओं से जुड़े हैं आप अपनी आने वाली पीढ़ी को अपने जड़ों से जोड़ रहे हैं। उन्होने उत्तराखंड महापरिषद लखनऊ को हीरक जयंती वर्ष की शुभकामना दी।
उत्तराखंड महापरिषद लखनऊ मना रहा है हीरक जयंती वर्ष
लखनऊ की प्राचीन एवं गौरवमयी संस्था ‘उत्तराखंड महापरिषद ‘ द्वारा आयोजित उत्तराखंड महोत्सव -2023 इस बार विशेष है। जिस प्रकार देश आजादी के 75 वर्ष पूर्ण कर अमृत काल में प्रवेश कर अनेक आयोजन कर रहा है, उसी प्रकार यह वर्ष उत्तराखंड महापरिषद के लिए भी अमृत काल है। क्योंकि उत्तराखंड महापरिषद ने भी अपनी स्थापना सह सफलता के 75 वर्ष जून 2023 को पूर्ण कर लिए हैं।
![Uttarakhand Mahotsav](https://i0.wp.com/www.ekumaun.com/wp-content/uploads/2023/10/uttarakhand-mahotsav-lucknow.jpg?resize=840%2C840&ssl=1)
देवभूमि के गीत-संगीत से सजेंगी अवध नगरी
10 दिवसीय उत्तराखंड महोत्सव 2023 में अवध की नगरी उत्तराखंडीमय, देवभूमि के गीत-संगीत से सजेंगी। यहाँ ‘डांस उत्तराखंड डांस’ में 12 टीमों के 120 से भी ज्यादा कलाकार 120 कुमाऊनी, गढ़वाली एवं जौनसारी गानों में शानदार प्रस्तुति देंगे, “वॉइस ऑफ उत्तराखंड” कार्यक्रम के तहत 20 से भी अधिक कलाकार अपने मधुर आवाज से उत्तराखंड के 70 से भी ज़्यादा गानों को स्वर देंगे, 350 से भी ज्यादा की संख्या में मातृशक्ति अपने झोड़ों की प्रस्तुति से गोमती तट गुंजायमान करेंगी। स्टार नाइट महोत्सव का विशेष आकर्षण, विभिन्न संस्कृतियों का समागम होगा, साथ ही 200 स्टॉलों में उत्तराखंड व अन्य जगहों की वस्तुओं, विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा।
श्वेता माहरा भी अपनी प्रस्तुति देंगी उत्तराखंड महोत्सव 2023 में
उत्तराखंड महापरिषद लखनऊ के हीरक जयंती वर्ष पर आयोजित उत्तराखंड महोत्सव -2023 में अपने नृत्य से भारत ही नहीं अपितु विदेशों में भी धूम मचाने वाली उत्तराखंड की सुपरस्टार कलाकार सुश्री श्वेता माहरा भी अपनी प्रस्तुति देंगी। 08 अक्टूबर 2023 को पंडित गोविन्द बल्लभ पंत, पर्वतीय सांस्कृतिक उपवन गोमती तट लखनऊ में आप सभी के बीच होंगी श्वेता माहरा।